क्या इस खिलाड़ी की वजह से राजस्थान रॉयल्स छोड़ेंगे संजू सैमसन?
नई दिल्ली : पिछले काफी समय से ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि संजू सैमसन IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़ सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान ने फ्रेंचाइजी से कहा है कि उन्हें अगले सीजन के शुरू होने से पहले रिलीज कर दिया जाए. हालांकि, अभी इसको लेकर टीम मैनेजमेंट और हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कोई भी फैसला नहीं लिया है. अब 2026 सीजन से पहले दिग्गज खिलाड़ी एस. बद्रीनाथ ने बड़ा बयान दिया है. उनके मुताबिक, संजू सैमसन के राजस्थान रॉयल्स से अलग होने के इरादे के पीछे रियान पराग हो सकते हैं.
CSK के पूर्व खिलाड़ी ने कही बड़ी बात
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी एस. बद्रीनाथ ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा, “मुझे ऐसा लगता है कि इसके पीछे का कारण रियान पराग हैं. अगर आप उन्हें कप्तानी दे रहे हैं तो सैमसन जैसा खिलाड़ी टीम में कैसे रह सकता है?”
IPL 2025 में रियान पराग को कप्तान बनाया गया था. राजस्थान रॉयल्स ने ये फैसला इसलिए लिया था क्योंकि संजू सैमसन पूरी तरह से फिट नहीं थे. भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच के पद से राहुल द्रविड़ का कार्यकाल खत्म हो गया था और उन्होंने फिर से राजस्थान रॉयल्स टीम में शामिल होने का फैसला किया. उन्होंने ही संजू सैमसन के चोटिल होने के बाद रियान पराग को टीम का कप्तान बनाया.
हालांकि, जब भारतीय खिलाड़ी ने फुल टाइम कप्तान बनकर वापसी की तो उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में फिर से चोट लग गई जिसके बाद एक बार फिर से रियान पराग को कप्तानी का जिम्मा दिया गया. संजू सैमसन की जगह 14 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया जिन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए फैंस का दिल जीत लिया. उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ लीग मैच में 35 गेंद पर शतक पूरा किया.
CSK से खेलेंगे संजू सैमसन?
संजू सैमसन को लेकर ऐसी रिपोर्ट भी सामने आ रही है कि उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स टीम में जगह मिल सकती है. इसको लेकर पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा, अगर संजू सैमसन चेन्नई में आते हैं, तो वो एमएस धोनी के विकल्प के तौर पर चुने जा सकते हैं. सैमसन एक ऐसे बल्लेबाज हैं जो बैटिंग ऑर्डर में टॉप तीन या चार स्थान पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. वो प्लेइंग इलेवन में पांचवें या छठे नंबर पर फिट नहीं बैठ सकते. CSK प्लेइंग इलेवन के इन जगहों में मजबूत है. आयुष महात्रे, ऋतुराज गायकवाड़ और डेवाल्ड ब्रेविस पहले से ही हैं. मुझे यकीन नहीं है कि चेन्नई हार्दिक पांड्या को गुजरात से लेने के लिए मुंबई इंडियंस की तरह कोई सौदा करेगी. इसलिए, अगर संजू सैमसन भी आते हैं तो सवाल ये है कि क्या CSK उन्हें प्लेइंग इलेवन में फिट कर पाएगा?
संजू सैमसन का प्रदर्शन IPL 2025 में इतना अच्छा नहीं रहा था. उन्होंने 9 मैच में 35.62 के औसत से 285 रन बनाए थे. उनका बेस्ट स्कोर 66 रन था. भारतीय खिलाड़ी के IPL में ओवरऑल प्रदर्शन की बात की जाए तो उन्होंने 177 मैच में 139.04 के स्ट्राइक रेट से 4704 रन बनाए हैं. उन्होंने तीन शतक और 26 अर्धशतक लगाए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 119 रन का रहा है.

मध्य प्रदेश में 6 साल में 2.70 लाख से ज्यादा बेटियां-बहुएं लापता
भतीजी की विदाई में भावुक हुए राजपाल यादव, गले लगाकर दिलासा देते आए नजर; वीडियो हुआ वायरल
लंदन रवाना होने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आईं आलिया भट्ट, बाफ्टा फिल्म अवॉर्ड्स में करेंगी शिरकत
ऋतिक रोशन ने किया ‘ओ रोमियो’ का रिव्यू, शाहिद कपूर को लेकर कही ये बात; जानें लोगों से की क्या अपील?
इमैनुएल मैक्रों ने ‘धुरंधर’ के टाइटल ट्रैक पर शेयर किया वीडियो, फैंस बोले- ‘अब हुई धुरंधर लेवल मीटिंग’
'द हंड्रेड' से भी भगाए जाएंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी?: आठ में से चार फ्रेंचाइजी का एलान, जानें क्यों लिया यह फैसला
'बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' की रिलीज डेट का हुआ एलान, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक